मुरैना शहर के व्यस्त मुरैना बैरियर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सवारियां भरने को लेकर दो बस संचालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला झगड़े और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में जय भारत बस संचालक और एक अन्य बस संचालक के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मौके पर गोलियां चलने की सूचना है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार सवारियों को बस में बैठाने को लेकर पहले दोनों पक्षों में मुँहवाद हुआ जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान अचानक फायरिंग होने से मौके पर मौजूद यात्रियों, राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जय भारत बस संचालक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
घटना के बाद दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंच गए, जहां पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग की पुष्टि और आरोपियों की पहचान की जा सके।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सवारियां भरने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले में हथियारों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बस रोककर यात्रियों से की मारपीट
यात्रियों ने बताया कि कुछ बस ने अलबेली के आसपास बस को रोककर कुछ लोगों ने ड्राइवर के साथ मारपीट की है वहीं सवारियों ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो एक मोबाइल फोड़ दिया गया है साथ महिला यात्रियों ने बताया कि उनके द्वारा डराया धमकाया गया। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
वहीं, इस घटना ने एक बार फिर बस स्टैंड और बैरियर क्षेत्र में अव्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।








