सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाने का जुनून आज के युवाओं के लिए किस कदर खतरनाक साबित हो रहा है, इसकी एक खौफनाक तस्वीर मध्य प्रदेश के खंडवा से सामने आई है। जहां रेलवे मालगोदाम में रविवार देर शाम रील शूट करने के दौरान 16 वर्षीय किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इंदौर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
जानकारी के अनुसार, घायल नाबालिग की पहचान 16 वर्षीय रेहान निवासी खरगोन के रूप में हुई है। रेहान अपने परिवार के साथ खंडवा के घासपुरा क्षेत्र (बांग्लादेश मोहल्ला) में आयोजित एक निकाह समारोह में शामिल होने आया था। शादी का खाना खाने के बाद रेहान अपने दोस्तों के साथ टहलते हुए पास ही स्थित रेलवे मालगोदाम की ओर चला गया। वहाँ खड़ी एक मालगाड़ी को देख रील बनाने का शौक उस पर हावी हो गया।
रेल से अनजान था किशोर, छू ली मौत की तार
रेहान के दोस्तों ने बताया कि खरगोन में रेल सुविधा नहीं होने के कारण वह ट्रेन और उसके ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइनों के खतरों से पूरी तरह अनजान था। रील बनाने और आकर्षक सेल्फी लेने की चाह में वह खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़ गया। जैसे ही उसने ऊपर से गुजर रही 25,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के करीब हाथ बढ़ाया, वह करंट की चपेट में आ गया और तड़पते हुए नीचे गिर पड़ा।
इंदौर एमवाय अस्पताल रेफर, हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे लेकर खंडवा जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल (MY Hospital) के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिरूद्ध कौशल ने बताया कि रेहान को शरीर के बाहरी हिस्सों के साथ-साथ अंदरूनी चोटें भी आईं हैं। खंडवा अस्पताल में सर्जिकल आईसीयू (Surgical ICU) की सुविधा न होने के कारण उसे तत्काल इंदौर भेजना पड़ा।
आरपीएफ थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि की है, हालांकि मामला शहर का होने के कारण इसकी विस्तृत जांच सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।
एमआईएम नेता बिलाल पेंटर ने बताया कि किशोर बारात में शामिल होकर आया था और खेल-खेल में यह बड़ा हादसा हो गया। यह घटना उन तमाम युवाओं के लिए एक चेतावनी है जो चंद ‘लाइक्स’ और ‘फॉलोअर्स’ के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर प्रतिबंधित और खतरनाक जगहों पर रील बनाते हैं।








