मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के अंतर्गत पंधाना नगर में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह घटना जनपद कार्यालय के सामने प्रदेशी पूरा मोहल्ले के आसपास की बताई जा रही है, जहां सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी।
क्या है पूरा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे की वजह से कार चालक को सामने की स्थिति स्पष्ट नहीं दिखी और कार की टक्कर ट्रैक्टर से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। हादसे में कार चालक घायल हुआ, लेकिन एयरबैग खुलने से उसे गंभीर चोट नहीं आई। घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
कोहरे में नहीं दिखी सड़क
घटना को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। एक ओर कुछ लोगों का कहना है कि कोहरे के कारण कार चालक को सामने से आ रही बस दिखाई नहीं दी और कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का कहना है कि सड़क पर खड़ा ट्रैक्टर घने कोहरे में नजर नहीं आया और तेज रफ्तार कार सीधे उससे जा भिड़ी।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हादसे की असली वजह क्या रही—यह पुलिस जांच का विषय है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट किया जा सकेगा कि घटना किस कारण से हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि ट्रैक्टर और कार दोनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी द्वारा की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।








