मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अब कमर कस ली है। गढ़वा थाना क्षेत्र में रेत माफियाओं के दुस्साहस को कुचलने के लिए एसडीएम सौरभ मिश्रा ने शनिवार की रात को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सोन नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में दबिश देकर राजस्व टीम ने रेत से लदे एक बिना नंबर के ट्रक को रंगे हाथों पकड़ा। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
रात के अंधेरे में पीछा कर दबोचा वाहन
जानकारी के अनुसार, एसडीएम सौरभ मिश्रा को लगातार सूचना मिल रही थी कि सोन नदी क्षेत्र से रात के अंधेरे में अवैध रेत का काला कारोबार फल-फूल रहा है। जैसे ही एसडीएम और उनकी टीम 27 दिसंबर 2025 की रात लगभग 1 बजे मौके पर रेत लोड कर रहे ट्रक के चालक ने वाहन स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया। वहीं राजस्व टीम ने पीछा कर वाहन को घेर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
सोन घड़ियाल अभयारण्य की सुरक्षा में बड़ी सेंध
जांच में यह बेहद गंभीर तथ्य सामने आया है कि टीपर सोन घड़ियाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत निकाल रहा था। यह क्षेत्र न केवल पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील है, बल्कि यहाँ किसी भी प्रकार का खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है। बिना नंबर प्लेट के वाहन का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि माफिया कितनी सुनियोजित तरीके से शासन को चुनौती दे रहे हैं। बता दें कि यह पूरी कार्रवाई एसडीएम सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रसाद साकेत, राजस्व निरीक्षक इंद्रभान सिंह, पटवारी रमाशंकर बैस, प्रेम पड़वार और स्टेनो पंकज चौधरी शामिल रहे थे।
“राजस्व और पर्यावरण को नुकसान बर्दाश्त नहीं”— एसडीएम
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने सख्त लहजे में कहा कि शासन के निर्देशानुसार अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जब्त ट्रक को गढ़वा थाने में खड़ा कराया गया है और खनिज अधिनियम के साथ-साथ अभयारण्य क्षेत्र के उल्लंघन की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
सिंगरौली में रेत माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि प्रशासन की नजरें अब 24 घंटे अवैध गतिविधियों पर हैं। सोन नदी और घड़ियाल अभयारण्य को बचाने के लिए की गई यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज होने की उम्मीद है।








