खंडवा: चलती ट्रेनों में यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर कीमती सामान उड़ाने वाले एक शातिर चोर को खंडवा जीआरपी ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 3 लाख 6 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। यह शातिर चोर पंजाब मेल जैसी वीआईपी ट्रेनों को अपना निशाना बनाता था।
मुंबई की महिला का पर्स चोरी होने से खुला राज
घटना की शुरुआत शुक्रवार 26 दिसंबर को हुई, जब पंजाब मेल (ट्रेन नंबर 12137) से मुंबई निवासी हर्षा मलतानी यात्रा कर रही थीं। इटारसी के पास उन्हें पता चला कि उनका पर्स गायब है, जिसमें 10 हजार नगद, मोबाइल और 578 ग्राम चांदी की सिल्ली थी। चूंकि घटना खंडवा क्षेत्र की थी, इसलिए इटारसी पुलिस ने मामला दर्ज कर डायरी खंडवा जीआरपी को भेजी। खंडवा थाना प्रभारी ने तत्काल जीआरपी और आरपीएफ (RPF) की एक संयुक्त टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया।
तीन पुलिया के पास घेराबंदी, बैग से निकला ‘खजाना’
मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बैग लेकर तीन पुलिया के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने बिना समय गवाए दबिश दी और युवक को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान आनंद (32 वर्ष), पिता नारायण ठाकरे, निवासी जगदंबा पुरम, जसवाड़ी रोड, खंडवा हुई है।
क्या-क्या हुआ जब्त
आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। बैग से 7 मोबाइल फोन, चांदी की 578 ग्राम की सिल्ली और 5 हजार रुपये नगद बरामद हुए। कुल माल की कीमत 3,06,000 रुपये आंकी गई है।
पंजाब मेल के कोच B-3 में दी थी वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी आनंद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि 26 दिसंबर को उसने पंजाब मेल के कोच B-3 (बर्थ नंबर 66) पर सो रही महिला का पर्स उड़ाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद किए गए बाकी 6 मोबाइल उसने किन ट्रेनों और किन यात्रियों से चोरी किए थे।
रिमांड पर आरोपी, कई और खुलासे मुमकिन
जीआरपी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसका रिमांड मांगा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद खंडवा स्टेशन और गुजरने वाली ट्रेनों में हुई चोरी की अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश होगा।








