जैसलमेर। भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित युद्ध फिल्म ‘बॉर्डर’ की यादें एक बार फिर ताज़ा हो गई हैं। सनी देओल स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला गाना ‘घर कब आओगे’ आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म की टीम ने इस भावनात्मक गाने को लॉन्च करने के लिए जैसलमेर के रेगिस्तान और BSF जवानों के बीच का खास मंच चुना, जहाँ सितारों का जोश देखने लायक था।
‘संदेसे आते हैं’ की यादें हुईं ताज़ा
यह गाना 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ के गीत ‘संदेसे आते हैं’ का री-क्रिएटेड वर्जन है। जिसे उसी धुन के साथ नए अंदाज और लिरिक्स में पेश किया गया है। यह मूल गीत जावेद अख्तर और अनु मलिक की जोड़ी ने तैयार किया था। वहीं इस नए वर्जन को मनोज मुंतशिर ने लिखा है और संगीत मिथुन ने दिया है।
दिग्गज गायकों की जुगलबंदी
पुराने वर्जन में सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ की आवाज ने जादू बिखेरा था। इस बार इन दोनों दिग्गजों के साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा ने भी अपनी आवाज दी है, जो गाने को और अधिक प्रभावी बनाता है।
रेगिस्तान में सितारों का जमघट
गाने के लॉन्च के दौरान जैसलमेर में उत्सव जैसा माहौल रहा। सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी ने सीमा पर तैनात BSF के जवानों के साथ इस गाने पर डांस किया और उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं सोनू निगम ने घर कब आओगे’ गाना गाया जिसे सुनकर भर आई आंखें जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो में जवान अपने पसंदीदा सितारों के साथ देशभक्ति के रंग में डूबे नजर आ रहे हैं।
23 जनवरी को सिनेमाघरों में गूंजेगा ‘हिंदुस्तान’
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ गणतंत्र दिवस के अवसर से तीन दिन पहले (23 जनवरी 2026) को बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। जबकि मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी फिल्म में अहम किरदारों में दिखाए गए है हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर ने पहले ही दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए थे और अब इस गाने ने फिल्म को लेकर उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है।
‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय दर्शकों के लिए एक भावना है। ‘घर कब आओगे’ गाने का नया वर्जन उन सैनिकों और उनके परिवारों को समर्पित है जो सालों-साल घर लौटने का इंतजार करते हैं।








