सिंगरौली (सरई)। जिले के प्रशासनिक गलियारे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कलेक्टर गौरव बैनल ने तहसील कार्यालय सरई का औचक निरीक्षण किया। तहसीलदार न्यायालय के कामकाज में भारी लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। सरई तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से कलेक्ट्रेट कार्यालय अटैच कर दिया गया है, जबकि उनके रीडर को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
फाइलों में दबे मिले राजस्व प्रकरण, महीनों से नहीं हुई पेशी
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायालय की कार्यप्रणाली की कलई खुल गई। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए कई महत्वपूर्ण प्रकरणों में नियत समय पर पेशी ही नहीं की जा रही थी वहीं कई मामलों में कोर्ट द्वारा आदेश तो पारित कर दिए गए थे, लेकिन उनका धरातल पर पालन नहीं किया गया। साथ ही राजस्व के अधिकांश मामले महीनों से लंबित पाए गए, जिससे आम जनता को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा था।
गाज गिरी: तहसीलदार अटैच, रीडर सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने
सरई तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा ने कारण बताओ नोटिस (SCN) जारी करते हुए जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट से अटैच किया गया साथ ही तहसीलदार सरई के कोर्ट रीडर पुष्पेन्द्र द्विवेदी पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर तत्काल निलंबित किया गया।
खनुआ नायब तहसीलदार को भी थमाया नोटिस
कलेक्टर की कार्रवाई केवल सरई मुख्यालय तक सीमित नहीं रही। तहसील सरई के अंतर्गत आने वाले वृत्त खनुआ के नायब तहसीलदार न्यायालय में भी ऐसी ही खामियां मिलीं। नायब तहसीलदार देवकरण सिंह और उनके रीडर लखपति सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
SDM को अल्टीमेटम: “2 दिन में निपटाएं पेंडेंसी”
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी (SDM) देवसर को सख्त लहजे में निर्देशित किया है कि तहसील कार्यालय में लंबित सभी राजस्व प्रकरणों का दो दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में देरी और प्रशासनिक सुस्ती को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि न्यायालयीन कार्यों में लापरवाही आम जनता के अधिकारों का हनन है। राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
कलेक्टर की इस कार्रवाई ने जिले के अन्य राजस्व अधिकारियों को भी कड़ा संदेश दिया है। सरई में हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि दफ्तरों में धूल खा रही फाइलों का निपटारा अब तेजी से होगा और किसानों व आम नागरिकों को भटकना नहीं पड़ेगा।








