अतिक्रमण पर फिर “गंभीर” मंथन, समाधान अब अगली बैठक में!
सूरजकुंड में विकास अटका कागजों में, ज़मीन पर इंतजार जारी
बताया जा रहा है कि बैठक में बुलडोजर की रफ्तार और मुआवजे की प्रक्रिया के बीच तालमेल बैठाने पर जोर दिया गया, ताकि कार्रवाई भी चलती रहे और आश्वासन भी मिलता रहे। नेताओं ने यह मुद्दा उठाया कि जिन लोगों के सामने अचानक अतिक्रमण हटाने की नौबत आई है, उनके पुनर्वास और मुआवजे पर गंभीरता से विचार किया जाए।

कलेक्टर महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए और जिनके पास वैध दस्तावेज हैं, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाए। साथ ही “संवेदनशीलता” शब्द का उपयोग करते हुए यह भी सुनिश्चित किया गया कि प्रक्रिया इतनी व्यवस्थित हो कि हर पक्ष को संतुष्ट होने का मौका मिले—चाहे थोड़ा इंतजार ही क्यों न करना पड़े।
राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हो रही इस सक्रियता से यह तो साफ है कि मुद्दा अब केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मुआवजे और जनसंतोष के बीच संतुलन बनाने का प्रयास भी जारी है।
फिलहाल, सूरजकुंड क्षेत्र में बुलडोजर और बैठकों की रफ्तार साथ-साथ चल रही है—एक जमीन पर, तो दूसरी फाइलों में। अब देखना यह है कि पहले समाधान आता है या अगली बैठक की सूचना।









