भोपाल। राजधानी के कोलार रोड इलाके में ‘शॉर्टकट’ से अमीर बनने की चाहत ने दो युवकों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। कोलार रोड थाना पुलिस ने एक सूचना के बाद ‘आशियाना हाइट्स’ के एक फ्लैट में छापामार कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 5 लाख रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है।
सर्च वारंट लेकर पहुँची पुलिस: फ्लैट नंबर 104 में खुला ‘सट्टा बाजार’
कोलार रोड पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि आशियाना हाइट्स के फ्लैट नंबर 104 में कुछ युवक संदिग्ध रूप से रह रहे हैं और वहां से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एसीपी चूनाभट्टी से सर्च वारंट प्राप्त किया और टीम के साथ बताए गए पते पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से अमित सुहाने निवासी जिला सागर (मप्र), अमित रावत निवासी जिला जबलपुर (मप्र) को पकड़ा गया साथ ही उनके कब्जे से 16 नग (हाई-एंड स्मार्टफोन्स), 3 लैपटॉप, बड़ी संख्या में एक्टिवेटेड सिम कार्ड व ₹36,250 नकद राशि के साथ कुल सामान जब्ती 5,00,000 की गई।
तीन गुना रकम का लालच देकर फंसाते थे जाल में
पूछताछ में सामने आया कि ये दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाते थे। वे क्रिकेट मैचों के दौरान हार-जीत पर दांव लगाने के लिए लोगों को उकसाते थे और ‘तीन गुना रकम’ जीतने का प्रलोभन देते थे। ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर आम लोग इनके जाल में फंस जाते थे। सट्टे की रकम का लेनदेन अलग-अलग बैंक खातों और नकद के माध्यम से किया जाता था ताकि किसी को शक न हो।
जल्द अमीर बनने की चाहत और अपराध की राह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक दिलचस्प तथ्य सामने आया है। सागर का अमित सुहाने और जबलपुर का अमित रावत ऑनलाइन सट्टे के कारोबार के दौरान ही एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। ऐशो-आराम की जिंदगी और रातों-रात लखपति बनने की धुन में दोनों ने हाथ मिलाया और कोलार इलाके में किराए का फ्लैट लेकर अपना ‘ऑपरेशन सेंटर’ बना लिया।
पुलिस की चेतावनी और आगामी जांच
कोलार रोड थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध सट्टा खिलाने की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों के मोबाइल डेटा और बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों और सट्टेबाजी के लेन-देन के स्रोतों का पता लगाया जा सके।








