सिंगरौली। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा अनुसूचित वर्ग की महिलाओं और लड़कियों को लेकर की गई कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सिंगरौली में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक पर फूल सिंह बरैया का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं में तीव्र आक्रोश व्याप्त
गौरतलब है कि हाल ही में एक बयान में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने रुद्रयामल तंत्र नामक ग्रंथ का हवाला देते हुए अनुसूचित वर्ग की कन्याओं को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि अत्यंत सुंदर स्त्री को देखकर किसी का भी मन विचलित हो सकता है, जिससे बलात्कार जैसी घटनाएं हो सकती हैं। उनके इस बयान के बाद समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं में तीव्र आक्रोश व्याप्त है और चौतरफा निंदा की जा रही है।
किन-किन ने किया विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व
भाजपा सिंगरौली द्वारा आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जायसवाल सहित मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि फूल सिंह बरैया की विधानसभा सदस्यता तत्काल समाप्त की जाए और कांग्रेस पार्टी उन्हें पार्टी से निष्कासित करे। नेताओं ने कहा कि इस तरह के बयान न केवल महिला विरोधी हैं, बल्कि दलित समाज का भी अपमान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फूल सिंह बरैया की मानसिकता असंतुलित और समाज को तोड़ने वाली है। स्वयं दलित समाज से आने वाले और दो बेटियों के पिता द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी किया जाना अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
विधायक पर कठोर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी ऐसे विधायक पर कठोर कार्रवाई नहीं करती है, तो यह माना जाएगा कि कांग्रेस महिला और दलित विरोधी मानसिकता को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार की घृणित सोच रखने वाले लोग समाज के लिए कलंक हैं और समाज को उनसे दूरी बनानी चाहिए।
यह नेता रहे उपस्थित
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष विनोद चौबे एवं प्रदीप शाह, जिला महामंत्री विक्रम सिंह, जिला मंत्री संदीप झा, जिला कार्यालय मंत्री विजय वैश्य, वरिष्ठ नेत्री मधु झा, किरण सोनी, वरिष्ठ नेता नरेश शाह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य, मंडल अध्यक्ष द्वयसौरभ गुप्ता, नीरज पांडेय सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता ज्योति चौरसिया, कुसुम शाह, सत्यभामा सिंह और देवमती बंसल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








