
विकास के एजेंडे पर मुख्यमंत्री से विधायक छाया मोरे की सीधी बातचीत
पंधाना को शिक्षा और कृषि उद्योग का केंद्र बनाने सौंपा मांगपत्र
खबर मंडी न्यूज़
खंडवा विधानसभा क्षेत्र पंधाना के सर्वांगीण विकास को लेकर सदैव सक्रिय रहने वाली विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की और संबंधित मांगों का पत्र सौंपा।
विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री के समक्ष माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग प्रमुखता से रखी। जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पंधाना में माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की स्वीकृति पूर्व में मिल चुकी है, किंतु कार्य एजेंसी मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं की उच्च शिक्षा की योजना प्रभावित हो रही है।
इसी के साथ विधायक छाया मोरे ने “एक जिला–एक उत्पाद (ODOP) योजना” के अंतर्गत पंधाना में प्याज प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का ठोस प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री को सौंपा। उल्लेखनीय है कि खंडवा जिले में सर्वाधिक प्याज उत्पादन पंधाना विधानसभा क्षेत्र में होता है, जिससे हजारों किसान प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। बावजूद इसके, प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन इकाइयों के अभाव में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता और बड़ी मात्रा में प्याज खराब हो जाता है।
विधायक ने पत्र के माध्यम से आग्रह किया कि यदि पंधाना में डिहाइड्रेटेड प्याज, प्याज पाउडर, फ्लेक्स, पेस्ट एवं अन्य प्रोसेसिंग उद्योग स्थापित किए जाते हैं, तो इससे किसानों को स्थायी और उचित मूल्य मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे, कृषि आधारित उद्योगों को गति मिलेगी और ODOP योजना का वास्तविक उद्देश्य साकार होगा।
विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया कि ODOP एवं PMFME सहित अन्य औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर के उद्योगपतियों व निवेशकों को पंधाना में निवेश हेतु विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
इसके अलावा विधायक छाया मोरे ने पंधाना–डुल्हार–खंडवा मार्ग का कार्य प्रारंभ होने तथा छैगांव माखन से खंडवा तक फोरलेन सड़क की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार भी व्यक्त किया।
कुल मिलाकर, यह मुलाकात पंधाना विधानसभा को शिक्षा, कृषि उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।








