इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पेयजल से मची तबाही (16 मौतें) के बाद प्रशासनिक गलियारों में ‘महा-सर्जरी’ का दौर जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त तेवर दिखाते हुए इंदौर नगर निगम के कमिश्नर दिलीप कुमार यादव का देर रात तबादला कर दिया। उनके स्थान पर 2014 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
त्रासदी के बाद ‘क्लीन स्वीप’ की तैयारी
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में फैली दूषित पानी की त्रासदी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस ‘अक्षम्य लापरवाही’ के लिए सीधे तौर पर शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार माना है। इसलिए उन्होंने शुक्रवार सुबह अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को पद से हटाया गया। वहीं देर शुक्रवार रात कमिश्नर दिलीप कुमार यादव की विदाई के आदेश जारी हुए। इनकी जगह शनिवार को क्षितिज सिंघल को कमान सौंपी गई। आज ही उनके पदभार संभालने की चर्चा है।


कौन हैं नए कमिश्नर क्षितिज सिंघल?
क्षितिज सिंघल मध्य प्रदेश कैडर के अनुभवी और सख्त कार्यशैली वाले अधिकारी माने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से उम्मीद जागी है कि वे इंदौर की चरमराई जलापूर्ति व्यवस्था को पटरी पर ला पाएंगे।
- वर्तमान पद: प्रबंध संचालक (MD), मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी।
- अनुभव: वे सिवनी सहित कई जिलों के कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ रह चुके हैं।
- नगर निगम का अनुभव: सिंघल पहले उज्जैन नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें शहरी प्रशासन और ड्रेनेज-पेयजल व्यवस्था की गहरी समझ है। उनकी पत्नी शीतला पटले भी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी हैं।
इंदौर में ‘IAS चौकड़ी’ संभालेगी कमान
पेयजल सहित नगर निगम की अन्य व्यवस्थाओं को युद्ध स्तर पर दुरुस्त करने के लिए सरकार ने इंदौर में अधिकारियों की एक नई और मजबूत टीम तैनात की है। अब नए कमिश्नर क्षितिज सिंघल के साथ तीन नए अपर आयुक्त भी मोर्चा संभालेंगे:
आकाश सिंह (IAS)
प्रखर सिंह (IAS)
आशीष पाठक (IAS)
16 मौतों का हिसाब और चुनौती
दूषित पानी कांड ने अब तक 16 लोगों की जान ली है और 150 से ज्यादा लोग अब भी अस्पतालों में संघर्ष कर रहे हैं। क्षितिज सिंघल के सामने सबसे पहली और बड़ी चुनौती इंदौर के पुराने और जर्जर पाइपलाइन नेटवर्क के लीकेज पॉइंट्स को ढूंढकर उन्हें ठीक करना और शहरवासियों के बीच नगर निगम के खोए हुए विश्वास को बहाल करना है।








