सिंहस्थ-2028 से पहले खंडवा–इंदौर ब्रॉडगेज कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने की अपील

खंडवा। सामाजिक संस्था जनमंच ने तीर्थनगरी ओंकारेश्वर तक रेल सुविधा विस्तार की मांग को लेकर केंद्रीय रेलमंत्री एवं प्रधानमंत्री को मेल और ट्वीट कर ज्ञापन भेजा है। संस्था ने सनावद सुपर फास्ट पैसेंजर एवं खंडवा–सनावद मेमू ट्रेन का संचालन ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की है, जिससे दर्शनार्थियों और क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिल सके।
जनमंच सदस्यों ने बताया कि सनावद से ओंकारेश्वर रोड तक ब्रॉडगेज रेल लाइन का कार्य लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है। 15 जुलाई 2024 को नव स्थापित ब्रॉडगेज ट्रैक पर 130 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से सफल सीआरएस परीक्षण भी किया जा चुका है तथा सुरक्षा क्लियरेंस मिल चुकी है। इसके बावजूद आज तक नियमित ट्रेन संचालन प्रारंभ नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में निराशा है।
सदस्यों ने कहा कि ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। रेलवे अधिकारियों द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया गया था कि आवश्यक यात्री सुविधाएं एवं सुरक्षा संबंधी कार्य तीन माह में पूर्ण कर मेमू ट्रेन चलाई जाएगी, किंतु डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
निमाड़ क्षेत्र के नागरिकों को आशा है कि आगामी सिंहस्थ-2028 के पूर्व ओंकारेश्वर रोड स्टेशन को भोपाल और भुसावल से जोड़ा जाएगा, ताकि उत्तर एवं दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालु सहजता से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा जैन तीर्थ सिद्धवरकूट पहुंच सकें। वर्तमान में स्टेशन पर मात्र एक ट्रैक है तथा पिटलाइन, यार्ड और वॉशिंग सुविधा का अभाव है। सांसद द्वारा सुझाव दिए जाने के बावजूद आवश्यक विस्तार कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। तीर्थनगरी की महत्ता को देखते हुए यहां कम से कम चार अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की आवश्यकता बताई गई है।
जनमंच एवं निमाड़ मालवा रेल विकास समिति के चंद्र कुमार सांड, अनुराग बंसल, कमल नागपाल, सुनील जैन, गणेश कानडे, डॉ. राजेंद्र पलोड़, ओमप्रकाश बंसल, राकेश गेहलोत सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि यदि खंडवा–इंदौर ब्रॉडगेज कन्वर्जन का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाए तो सिंहस्थ-2028 से पूर्व यह परियोजना पूर्ण हो सकती है। उल्लेखनीय है कि यह कार्य वर्ष 2014 तक पूर्ण होना था, किंतु एक दशक बीत जाने के बाद भी महू–चोरल खंड में टेंडर प्रक्रिया तक पूर्ण नहीं हो सकी है।

बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि सनावद स्टेशन पर पूर्व में मीटरगेज के समय 500 यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय और वेटिंग रूम उपलब्ध था, किंतु ब्रॉडगेज निर्माण के बाद नई सुविधाएं विकसित नहीं की गईं। रेल विभाग से सनावद स्टेशन पर समुचित यात्री प्रतीक्षालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
जनमंच ने स्पष्ट कहा कि तीर्थनगरी ओंकारेश्वर की बढ़ती महत्ता और आगामी सिंहस्थ को देखते हुए रेलवे विभाग को ओंकारेश्वर रोड स्टेशन को टर्मिनस या जंक्शन के रूप में विकसित करने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। संस्था ने चेतावनी स्वर में कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन पर भी विचार किया जाएगा।








