खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा लोकसभा क्षेत्र के लिए विकास का एक नया सवेरा हुआ है। पंधाना विधानसभा की वर्षों पुरानी मांग को केंद्र और प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दे दी है। छैगांव माखन से खंडवा तक प्रस्तावित इस फोरलेन सड़क परियोजना की स्वीकृति के साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक और व्यापारिक प्रगति के द्वार खुल गए हैं। यह बड़ी उपलब्धि लोकप्रिय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के निरंतर प्रयासों और विधायक छाया गोविंद मोरे की सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है।
प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना जिला मुख्यालय खंडवा से छैगांव माखन हाईवे तक लगभग 10.475 किलोमीटर लंबी होगी, जिस पर कुल 96.33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना के स्वीकृत होने से पंधाना विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
सांसद-विधायक की ‘जुगलबंदी’ लाई रंग
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने लगातार केंद्र स्तर पर इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ रखा, वहीं विधायक छाया मोरे ने जमीनी स्तर पर जनभावनाओं, तकनीकी आवश्यकताओं एवं प्रशासनिक पहलुओं को मजबूती से शासन के समक्ष प्रस्तुत किया। सांसद–विधायक के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना अब धरातल पर उतरने की स्थिति में पहुंच गई है।
क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा ‘बूस्टर डोज़’
फोरलेन सड़क के निर्माण से पंधाना और खंडवा के बीच यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज़ होगा। इससे कृषि उपज के परिवहन में सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
सरकार और मंत्रियों के प्रति जताया आभार
इस बड़ी सौगात पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक छाया मोरे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘सबका साथ, सबका विकास’ के अनुरूप पंधाना विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की आवाज़ को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना और विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारना ही उनका संकल्प है। इस परियोजना की स्वीकृति से यह सिद्ध होता है कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग तथा जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता से खंडवा–पंधाना क्षेत्र निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है।








