खंडवा। खंडवा पुलिस ने शहर के बाहरी इलाके में चल रही एक विशाल अवैध पटाखा फैक्ट्री को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। सम्यक गोल्ड कॉलोनी में दी गई इस दबिश में करीब दो टन (2000 किलो) बारूद और अन्य विस्फोटक रसायन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरे अवैध नेटवर्क का मुख्य आरोपी एक कांग्रेस नेता है।
क्लब हाउस की छत पर ‘बारूद का ढेर’
एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि सम्यक गोल्ड कॉलोनी के खंडहर हो चुके क्लब हाउस की छत का इस्तेमाल अवैध रूप से पटाखे बनाने के लिए किया जा रहा था।
क्या-क्या मिला
मौके से भारी मात्रा में बारूद, सल्फर, रस्सियां और रसायनों से भरे सुतली बम बरामद हुए हैं।
सूनेपन का फायदा
यह कॉलोनी करीब 15 साल पहले पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट की जमीन पर काटी गई थी, लेकिन वर्तमान में यहां बिजली तक नहीं है। इसी वीराने का फायदा उठाकर यहां विस्फोटक जमा किया गया था।
कांग्रेस नेता प्रोफेसर इमरान परयानी मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं अवैध फैक्ट्री चलाने का मुख्य आरोपी प्रोफेसर इमरान परयानी को बताया गया है, जो यूथ कांग्रेस का पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रह चुका है वहीं मौके से पुलिस को एक स्कूटी मिली है, जो इमरान परयानी के नाम पर पंजीकृत है। फिलहाल इमरान फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, जिस जमीन पर यह अवैध काम चल रहा था, वह पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट के बेटे यशवंत सिलावट के नाम दर्ज है।
पिकअप वाहन और ड्राइवर हिरासत में
कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य और उनकी टीम ने जब मुखबिर की सूचना पर दबिश दी, तब वहां एक पिकअप वाहन में बारूद लोड किया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम को 10 हजार का इनाम
इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पकड़ने वाली कोतवाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी ने 10 हजार रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। कोतवाली थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








