इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तेजाजी नगर बायपास रालामंडल इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ़्तार नेक्सन कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर सहित तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चौथी युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना से कांग्रेस में शोक की लहर व्याप्त है।
कैसे हुई पूरी घटना
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:15 बजे का बताया जा रहा है कि कार (MP13 ZS8994) में सवार होकर प्रेरण समेत चारों दोस्त् घूमने निकले थे। शुक्रवार रालामंडल बायपास पर उनकी कार बेकाबू होकर एक खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। प्रेरणा, प्रखर और मनसिन्धु की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। वहीं अनुष्का राठी की हालत गंभीर बनी हुई है। जो इस समय निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं। जिसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेरणा बच्चन का पार्थिव शरीर उनके गृह जिले बड़वानी ले जाया गया है, जहाँ आज शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला. शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएम डॉ मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘X’ पर ट्वीट करते हुए लिखा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन सहित तीन व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का समाचार अत्यंत वेदनापूर्ण है। सभी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल अनुष्का राठी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। पीड़ा की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोककुल परिजनों के साथ हैं।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने जताया शोक
इस हृदयविदारक घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘X’ पर ट्वीट करते हुए लिखा कि— “मेरे साथी और पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करे।”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ‘X’ पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि प्रदेश के पूर्व मंत्री बाला बच्चन जी की पुत्री के इंदौर में कार दुर्घटना में आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है। मैं इस दुखद घड़ी में श्री बाला बच्चन जी एवं उनके परिवार के साथ हूँ।











