सिंगरौली (जयंत)। जयंत थाना क्षेत्र के बहुचर्चित ‘रोज गार्डन फायरिंग कांड’ के मुख्य आरोपी को पकड़ने में सिंगरौली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक सिंह को पुलिस ने कर्नाटक के तुमकुरु (बेंगलुरु के पास) से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर फर्जी सिम कार्ड के जरिए पुलिस को चकमा दे रहा था।
जन्मदिन की पार्टी में मची थी दहशत
घटना 21 अगस्त 2024 की है, जब जयंत सेक्टर-3 निवासी प्रवीण कुमार के घर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पुराने विवाद के चलते मुकेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, संजीव त्रिपाठी और उनके साथियों ने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी आरोपियों ने न केवल गोलियां चलाईं, बल्कि फरियादी के दोस्तों के साथ मारपीट कर घर में तोड़फोड़ भी की थी विन्ध्यनगर पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में 7 आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी थी।
‘ऑपरेशन बेंगलुरु’: साइबर सेल और तकनीक का सहारा
मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह पिता कौशल किशोर सिंह (निवासी जैतपुर) घटना के बाद से ही भूमिगत हो गया था। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था आरोपी फर्जी नाम से सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहा था, लेकिन साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन कुनिगल (जिला तुमकुरु, कर्नाटक) ट्रेस की गई। चौकी प्रभारी जयंत सुधाकर सिंह परिहार के नेतृत्व में एक टीम कर्नाटक भेजी गई, जिसने 10 जनवरी 2026 को आरोपी को दबोच लिया आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर सिंगरौली लाया गया और आज, 13 जनवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहना
इस कठिन मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी पी.एस. परस्ते के मार्गदर्शन में विन्ध्यनगर थाना प्रभारी और साइबर सेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही।








