खंडवा। जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए खंडवा पुलिस ने एक और सटीक स्ट्राइक की है। मोघट रोड थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सिंधी कॉलोनी के तीन तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। शातिर तस्कर लग्जरी कार में शराब छिपाकर ले जा रहे थे, जबकि उनका एक साथी आगे-आगे बाइक से पुलिस की लोकेशन की रैकी कर रहा था।
‘हाई-प्रोफाइल’ तस्करी का पर्दाफाश
मोघट रोड टीआई धीरेश धारवाल को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक बड़ी खेप सुरगांव-निपानी रोड से गुजरने वाली है। इस पर एसआई जितेंद्र तिवारी और उनकी टीम ने घेराबंदी की। तस्करों ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार का उपयोग किया। पुलिस को चकमा देने के लिए एक आरोपी पल्सर बाइक से आगे चल रहा था ताकि पुलिस दिखने पर वह कार सवारों को अलर्ट कर सके।पुलिस ने कार की डिक्की से 18 पेटियां शराब बरामद की।
1.41 लाख की ब्रांडेड शराब जब्त
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आकाश पिता गुलाब राय पंजाबी, भानुप्रताप पिता जगतराम गंगवानी और कौशल पिता धरमदास नतानी बताए। तीनों आरोपी सिंधी कॉलोनी, खंडवा के निवासी हैं। जांच के दौरान पुलिस को 45 लीटर देशी प्लेन शराब और 115 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 8 पीएम स्पेशल, सिग्नेचर, ब्लेंडर्स प्राइड/बेगपाइपर, ओल्ड मंक रम और रॉयल स्टैग जैसे ब्रांड शामिल हैं। नियमानुसार प्रत्येक ब्रांड के सैंपल लेकर शेष शराब को सील कर जब्त किया गया।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये) और निगरानी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत करीब 1 लाख रुपये) भी जब्त कर ली है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस द्वारा मांगे जाने पर आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शराब के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
खंडवा पुलिस की इस मुस्तैदी ने शहर में सप्लाई होने वाली अवैध शराब की एक बड़ी खेप को बाजार में पहुँचने से पहले ही रोक दिया। टीआई धीरेश धारवाल ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस कारोबार में शामिल अन्य कड़ियों और मुख्य सप्लायरों की भी तलाश की जा रही है।








