खंडवा। प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह गुरुवार को खंडवा मेडिकल कॉलेज में आयोजित फॉरेंसिक साइंस की इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री शाह ने न केवल अपनी उपलब्धियां गिनाईं, बल्कि मीडिया पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें अपनी ‘जलन’ का कारण भी बताया।
“मीडिया को लिस्ट दे दो, ये मुझसे जलते हैं”
संबोधन के दौरान मंत्री शाह जनजातीय कार्य विभाग द्वारा छात्रों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके विभाग ने इस साल 14 छात्रों की पढ़ाई के लिए 37-37 लाख रुपए की फीस भरी है।
विवादित बयान
अपनी बात की पुष्टि के लिए उन्होंने अपने पीए से लिस्ट मंगवाई और कहा, “देख लो, मेरे पास लिस्ट है, मैं मन से कुछ नहीं कह रहा।” इसके तुरंत बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह लिस्ट मीडिया वालों को दे दो, क्योंकि मीडिया वाले मुझसे जलते हैं।”
मैनेजमेंट पर तंज: “6 साल बाद इस डाकिये को बुलाया”
जब मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दादू ने 14 एकड़ जमीन पर बजट की कमी के कारण रुके हुए निर्माण कार्य का मुद्दा उठाया, तो मंत्री ने चुटकी लेने में देर नहीं की।
तंज कसते हुए मंत्री ने कहा, “आपने 6 साल बाद जाकर इस डाकिये को बुलाया है। अब यह डाकिया आपकी मांग सरकार तक भिजवाएगा।” * क्रेडिट: उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस कॉलेज का नामकरण पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के नाम पर कराने में उनकी बड़ी भूमिका रही है।
मार्च तक बस और जल्द मिलेगी MRI की सुविधा
कॉन्फ्रेंस में छात्रों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याओं को भी मंत्री के सामने रखा।
मेडिकल छात्रों ने बताया कि उन्हें अस्पताल जाने के लिए ऑटो और रिक्शे का सहारा लेना पड़ता है। इस पर मंत्री ने घोषणा की कि मार्च महीने तक कॉलेज को एक बस दिला दी जाएगी, बशर्ते डीन डीजल और ड्राइवर की व्यवस्था का लिखित आश्वासन दें।
डॉक्टरों द्वारा एमआरआई मशीन की मांग पर मंत्री ने कहा कि वे शासन स्तर पर बात कर आउटसोर्स के माध्यम से जल्द ही एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
सौगात भी और सवाल भी
मंत्री विजय शाह का यह दौरा जहाँ मेडिकल कॉलेज की समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आया, वहीं उनके ‘मीडिया’ और ‘डाकिया’ वाले बयानों ने शहर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।








