मुरैना (पोरसा)। चंबल अंचल में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और अफसरों की ईमानदारी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पोरसा तहसील के खेरली से रायपुर तक बनी नई सड़क महज दो साल में ही गड्डों में तब्दील हो गई है। लेकिन मामला तब और गरमा गया जब घटिया निर्माण की शिकायत करने वाले एक युवक को चुप कराने के लिए विभाग के जिम्मेदार इंजीनियर खुद रिश्वत का ‘लिफाफा’ लेकर पहुँच गए।
2 साल में उखड़ी डामर, ‘ठेकेदार-अफसर’ नेक्सस उजागर
ग्रामीणों का आरोप है कि खेरली-रायपुर सड़क के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। क्योंकि सड़क निर्माण को अभी मात्र 2 साल हुए हैं, लेकिन डामर उखड़ चुकी है और पूरी सड़क चलने लायक नहीं बची है। नियमों के मुताबिक सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की है, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई सुधार कार्य नहीं हुआ।
“रिश्वत नहीं, सड़क बनाओ” – युवक ने दिखाई हिम्मत
जब एक स्थानीय युवक ने इस घटिया निर्माण की शिकायत की, तो विभाग के जिम्मेदार इंजीनियर उसे समझाने पहुँचे। लेकिन यह ‘समझाना’ तकनीकी नहीं बल्कि आर्थिक था।
वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इंजीनियर साहब युवक को बार-बार रिश्वत (पैसा) देने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
युवक का जवाब
वीडियो में साफतौर से देखा जा सकता है कि युवक पूरी मजबूती के साथ कह रहा है— “साहब, मुझे रिश्वत नहीं चाहिए, आप बस इस सड़क की मरम्मत करवा दीजिए।”
इंजीनियर का तर्क
रिश्वत देने की कोशिश के बावजूद जब युवक नहीं माना, तो इंजीनियर साहब बहाना बनाते दिखे कि— “मरम्मत में अभी समय लगेगा।”
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता विकास
यह घटना दर्शाती है कि जिले में लोक निर्माण और ग्रामीण सड़क विभागों में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री और प्रशासन पारदर्शी कार्यप्रणाली का दावा कर रहे हैं, वहीं धरातल पर इंजीनियर स्वयं शिकायतों को रफा-दफा करने के लिए ‘घूस’ का सहारा ले रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतज़ार
वीडियो वायरल होने के बाद अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी क्या कार्रवाई करते है।
- क्या इस भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच होगी?
- क्या रिश्वत की पेशकश करने वाले इंजीनियर और घटिया काम करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा?
- क्या रायपुर-खेरली के ग्रामीणों को जल्द नई और सुगम सड़क मिलेगी?
*नोट: वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि ‘khabarmandi.in’ नहीं करता है, लेकिन यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।








