सिंगरौली जिले की मोरवा पुलिस ने मुस्तैदी की एक नई मिसाल पेश की है। एनसीएल कॉलोनी (NCL Colony) जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया। इस मामले में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध किशोर (नाबालिग) को हिरासत में लिया है और उसके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। बरामद किए गए सोने-चांदी के आभूषणों और नगदी की कुल कीमत लगभग ₹5 लाख आंकी गई है।
दिनदहाड़े सूने क्वार्टर को बनाया था निशाना
घटना 22 दिसंबर 2025 की है। एनसीएल कॉलोनी निवासी सुनील कुमार तिवारी (40 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात चोरों ने उनके सूने क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात और नगदी पार कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलोनी में असुरक्षा का माहौल बन गया था। पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र ने दिलाई सफलता
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के सख्त निर्देशों के बाद मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक यू.पी. सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और कॉलोनी के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को बारीकी से खंगाला गया। वहीं मुखबिरों को सक्रिय किया गया, जिससे पुलिस को एनसीएल कॉलोनी गोल चक्कर के पास एक संदिग्ध किशोर की मौजूदगी की सूचना मिली।

₹5 लाख का मशरूका बरामद, आरोपी किशोर कोर्ट में पेश
पुलिस ने घेराबंदी कर जब किशोर को पकड़ा और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के कोने-कोने से सोने के कंगन और चेन, मंगलसूत्र और कान की झुमकियां, चांदी की कटोरी और चांदी के सिक्के, ₹3000 नकद समेटा गया पूरा माल बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने किशोर को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय, बैढन के समक्ष प्रस्तुत किया है।








