सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का पटवारी पर कटाक्ष, दादाजी मंदिर पर संकल्प
कटाक्ष, राजनीति और आस्था: खंडवा में सियासी तड़का, दादाजी मंदिर पर बड़ा संकल्प

खबर मंडी विशेष
(सुशील विधाणी)
खंडवा। दिल्ली में लोकसभा सत्र के बाद खंडवा पहुंचे ज्ञानेश्वर पाटिल ने जिले की सियासत में हलचल तेज कर दी। गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत विभिन्न वार्डों का दौरा करते हुए उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा—
“जब उनकी अपनी पार्टी ही उन्हें गंभीरता से नहीं लेती, तो न आंदोलन की जरूरत पड़ेगी और न कलेक्ट्रेट घेरने की।”
किसानों के मुद्दे पर भी सांसद ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में उत्पादन बढ़ा है और किसान आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया—“जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब किसानों के लिए क्या किया?”

संगठन की एकजुटता—जनप्रतिनिधियों ने दिया पूरा समर्थन
कार्यक्रम के दौरान भाजपा संगठन की सक्रियता भी साफ नजर आई। सांसद के साथ महापौर, विधायक और कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा जिला मंत्री धर्मेंद्र बजाज ने बताया कि जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों ने सांसद के विचारों को समर्थन दिया और अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
“अच्छे काम में बाधाएं आती हैं”—मंदिर निर्मार स्पष्ट संदेश
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने दादाजी धुनीवाले मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि किसी भी अच्छे कार्य की शुरुआत में छोटी-मोटी समस्याएं आना स्वाभाविक है, लेकिन इससे काम रुकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि खंडवा कलेक्टर और दादाजी ट्रस्ट के बीच बेहतर तालमेल के कारण निर्माण कार्य में आने वाली चुनौतियां प्रभावी रूप से हल हो रही हैं और काम लगातार गति पकड़ रहा है।
निर्माण कार्य को गति—तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य
मंदिर निर्माण समिति की बैठक में फाउंडेशन कार्य को प्राथमिकता देते हुए अगले 2 से 2.5 महीनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तकनीकी जांच के बाद कार्य को फिर से गति देने की तैयारी है।
पत्थरों की खरीदी के लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द आगे बढ़ाई जाएगी। समिति ने अगले तीन वर्षों में मंदिर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
अंत में—पत्रकारों से विशेष चर्चा में पाटिल का दो टूक जवाब
खंडवा में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन के साथ विशेष मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
उन्होंने दो टूक कहा कि “विकास कार्यों को लेकर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। जनता अब सब समझती है और जवाब भी समय पर देती है।”
इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन और प्रशासन के समन्वय से जिले में विकास और आस्था दोनों के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।








