डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
ममलेश्वर मंदिर को महाकाल की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी

खंडवा/खबर मंडी विशेष
इंदौर संभाग के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने शनिवार शाम ओंकारेश्वर पुलिस कंट्रोल रूम के सभाकक्ष में ममलेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की विस्तृत बैठक ली। बैठक में खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा, पुलिस एवं नगर परिषद के प्रतिनिधि तथा मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि ओंकारेश्वर स्थित ममलेश्वर मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में यहां की व्यवस्थाएं देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंग स्थलों की तर्ज पर विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी प्रकार की सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं ममलेश्वर मंदिर में भी विकसित की जाएं।
बेरीकेडिंग, मिस्ट फैन और कैनोपी की व्यवस्था
संभागायुक्त ने मंदिर में लगी पुरानी लोहे की बेरीकेडिंग हटाकर उसके स्थान पर स्टेनलेस स्टील की जिगजैग बेरीकेडिंग लगाने के निर्देश दिए, जिससे दर्शन कतार सुव्यवस्थित रहे। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मिस्ट फैन लगाए जाने तथा वर्षा और धूप से बचाव के लिए फाइबर कैनोपी स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

गर्भगृह और विद्युत व्यवस्था में सुधार
उन्होंने मंदिर की समस्त इलेक्ट्रिक वायरिंग को दुरुस्त करने, गर्भगृह में एयर कंडीशनर लगाने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्थित वृहदकालेश्वर मंदिर की मूर्तियों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए टीन शेड निर्माण कराने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष फोकस
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर की खुली जगह में स्थायी शेड बनाया जाए, ताकि त्योहारों और विशेष अवसरों पर आने वाली भीड़ को सुविधा मिल सके। नार्मदीय धर्मशाला के बंद शौचालयों को शीघ्र चालू कर उनमें पानी, बिजली और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने उद्घोषणा केंद्र, सुव्यवस्थित लड्डू प्रसाद काउंटर और बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित करने के निर्देश भी दिए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन व्यवस्था एवं धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी सुगमता से मिल सके।
कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों को दिए समयबद्ध निर्देश
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता को सभी विभागों के समन्वय से कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने कहा कि आगामी धार्मिक आयोजनों और बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए तैयारियां अभी से सुदृढ़ की जाएं, ताकि ममलेश्वर मंदिर की व्यवस्था महाकाल की तर्ज पर आदर्श रूप में स्थापित हो सके।
बैठक को ओंकारेश्वर क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ममलेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।








