सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के हिर्रवाह मार्ग स्थित पुल के नीचे पानी में डूबे किसान रामजतन साकेत का शव सोमवार को पांचवें दिन बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ (SDRF), होमगार्ड, पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पिछले चार दिनों से चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार शव नदी में मिला जिसको नदी से बाहर निकाला गया।
4 दिनों से जारी था ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’
रामजतन साकेत पिछले चार दिनों से लापता थे। एसडीआरएफ और होमगार्ड के गोताखोरों ने नदी के हर संभावित कोने की तलाशी ली थी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण शव का पता नहीं चल पा रहा था सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने पुल के नीचे नदी के किनारे एक शव को पानी में उतराते देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान परिजनों ने 55 वर्षीय रामजतन साकेत के रूप में की।
गुटखा खाने निकले थे, फिर नहीं लौटे
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामजतन साकेत की पुल के पास ही एक छोटी सी किराना दुकान थी लगभग चार दिन पहले वह गुटखा खाने के बाद पुल की ओर गए थे, जहां किसी व्यक्ति ने उन्हें पुल के नीचे पानी में डूबते हुए देखा था। इसके बाद से ही वह लापता थे। और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
परिजनों ने उठाए सवाल, जांच की मांग
नगर निगम जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर के रख दिया है। हालांकि पुलिस इसे प्राथमिक तौर पर हादसा मान रही है, लेकिन मृतक के परिजनों ने रामजतन की मौत के पीछे की वजहों को लेकर संदेह जताया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाए।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना से पूरे हिर्रवाह क्षेत्र में शोक व्याप्त है।








