सिंगरौली (मोरवा): सिंगरौली की सड़कों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार लगातार मासूमों की जान ले रही है ऐसा ही मामला रविवार की रात एक बार फिर देखने को मिला। जहां मोरवा से बैढ़न की ओर जा रही एक यात्री बस और विपरीत दिशा से आ रहे मोटरसाइकिल सवार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कलश गुप्ता (28 वर्ष), पिता रामलाल गुप्ता, निवासी मोरवा के रूप में हुई है बताया जा रहा है कि कलश गुप्ता रविवार रात अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 66 ZD 5013) से जयंत में डिलीवरी का काम निपटाकर वापस मोरवा लौट रहे थे इस दौरान मोरवा-जयंत मार्ग पर सामने से आ रही बस (क्रमांक MP 66 P 1118) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर मची चीख-पुकार, बाइक हुई चकनाचूर
हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मोटरसाइकिल पूरी तरह से चकनाचूर होकर मलबे में तब्दील हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और यातायात बहाली
घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल कलश को तुरंत नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पिकअप वाहन में लोड कर मोरवा थाना भिजवाया और बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा करवाकर बाधित हुए यातायात को बहाल कराया।
परिजनों में कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। वहीं मोरवा पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है वहीं मोरवा-जयंत मार्ग पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े करता है।








