भोपाल। सिंगरौली जिला मुख्यालय के बिलौंजी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिला चिकित्सालय में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप भगत की 15 वर्षीय इकलौती पुत्री, रीतिमा ने शनिवार रात अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से बाद से न केवल डॉ. कॉलोनी बल्कि पूरे स्वास्थ्य महकमे और शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। रीतिमा ने बिलौंजी स्थित डॉ. कॉलोनी आवास के पिछले हिस्से में बने टीन शेड में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि जिस वक्त रीतिमा ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस समय डॉ. संदीप भगत घर पर मौजूद नहीं थे। डॉ. भगत की इकलौती संतान होने के कारण इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक चर्चाओं में पठन-पाठन (पढ़ाई) को लेकर मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। परिजनों और परिचितों के अनुसार, रीतिमा पिछले कुछ समय से अपनी पढ़ाई को लेकर दबाव में थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। परिजनों और सहपाठियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर
डॉ. संदीप भगत सिंगरौली के एक सम्मानित चिकित्सक हैं। उनकी बेटी के इस असामयिक निधन पर जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रविवार को अस्पताल के कई कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया और सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।








