नववर्ष 2026 के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। सिंगरौली जिले में जश्न का माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में पुलिस ने विशेष गाइडलाइंस (एडवाइजरी) जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि उत्साह के नाम पर शालीनता की सीमा लांघने वालों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी गाज गिरेगी।
उत्सव जिम्मेदारी के साथ, सुरक्षा सर्वोपरि
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का स्वागत संयम और आपसी भाईचारे के साथ करें। जिले के प्रमुख चौराहों, पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
सिंगरौली पुलिस ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक माध्यमों से चेतावनी दी है कि नववर्ष की रात चेकिंग पॉइंट बढ़ाए जाएंगे। ब्रीथ एनालाइजर के जरिए शराब पीने वालों की जांच की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें ताकि 2026 का आगमन सभी के लिए सुखद और मंगलमय हो।
क्या करें
- वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें।
- रात्रि में हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर पहनें।
- सार्वजनिक स्थानों पर कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
- आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें।
- संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाने को दें।
क्या न करें (इनसे बचें, वरना होगी कार्रवाई)
- शराब पीकर वाहन न चलाएं।
- तेज गति या स्टंटबाजी से परहेज करें।
- सार्वजनिक स्थानों पर शोर-शराबा न फैलाएं।
- महिलाओं से अभद्रता या छेड़छाड़ न करें।
- अवैध गतिविधि: हथियार, नशीले पदार्थ या प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग न करें।








