खंडवा की धरती पर हिंदवी स्वराज्य का शौर्य स्तंभ
खंडवा खबर मंडी न्यूज़
मराठा वीरता की पहचान बना टपालचाल चौक कोई साधारण चौराहा नहीं है। यह वह भूमि है जहाँ हर सुबह और हर शाम वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के नारे हवा में तलवार की तरह गूंजते हैं, और जहाँ की मिट्टी आज भी उनके त्याग, पराक्रम और बलिदान की शपथ दिलाती है। यह चौक हर राहगीर को याद दिलाता है कि यह देश तलवारों की धार, शपथों की आग और स्वराज्य के संकल्प से बना है।
इसी ऐतिहासिक और राष्ट्रवादी चेतना को स्थायी स्वरूप देने के लिए हिंदवी स्वराज्य के निर्माता छत्रपति शिवाजी महाराज स्थापना समिति द्वारा भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने राष्ट्रधर्म निभाते हुए प्रतिमा एवं शौर्य स्तंभ निर्माण हेतु 1 लाख रुपये की नगद सहयोग राशि प्रदान की।
विधायक तनवे ने दो टूक शब्दों में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि भारत की आत्मा हैं। उनका जीवन विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध प्रतिरोध, स्वराज्य की स्थापना और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा का उद्घोष है। उनकी प्रतिमा आज की पीढ़ी को यह याद दिलाएगी कि यह देश झुकने के लिए नहीं, डटकर खड़े रहने के लिए बना है।
स्वागत बना संगठन की ताकत का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विधायक कंचन तनवे का पुष्पमालाओं से जोशीला स्वागत किया गया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर एवं भाजपा जिला महामंत्री श्री धर्मेंद्र बजाज का भी पुष्पगुच्छों से सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि शिवाजी महाराज के नाम पर संगठन और समाज एकजुट है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री प्रदीप यादव, पूर्व जिला महामंत्री श्री राजपाल सिंह चौहान, श्री दिनेश पटेल, श्री सतनाम सिंह होरा, श्री अनिल भगत, श्री दिनकर देशमुख, श्री प्रशांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त, युवा और समाजजन उपस्थित रहे। “जय शिवाजी—जय भवानी” के नारों से पूरा टपालचाल क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण में राष्ट्रभक्ति की गर्जना सुनाई दी।
कार्यक्रम ने साफ संदेश दे दिया कि टपालचाल चौक पर स्थापित होने वाली यह प्रतिमा और शौर्य स्तंभ केवल पत्थर और धातु नहीं होगा, बल्कि हिंदवी स्वराज्य का उद्घोष, मराठा स्वाभिमान की मशाल और राष्ट्ररक्षा का स्थायी प्रहरी होगा—जो हर आने-जाने वाले को वीर शिवाजी के बलिदान की याद दिलाते हुए राष्ट्र के लिए जीने और मरने का संकल्प कराएगा।








