आजीवन सहयोग निधि अभियान में सांसद पाटिल ने दिया 51 हजार का सहयोग

खंडवा।
राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए चलाए जा रहे आजीवन सहयोग निधि अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वैच्छिक रूप से दान राशि प्रदान की जा रही है। यह अभियान पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है, जिसमें कार्यकर्ता और समर्थक डिजिटल माध्यम या चेक के जरिए अपनी सहयोग राशि जमा कर रहे हैं।
पार्टी प्रवक्ता सुनील जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को खंडवा प्रवास के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने 51,000 की राशि का चेक आजीवन सहयोग निधि के लिए जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर तथा अभियान के जिला प्रभारी सुभाष कोठारी को सौंपा।
उन्होंने बताया कि भाजपा का आजीवन सहयोग निधि अभियान एक स्वैच्छिक जनसहयोग पहल है, जिसका उद्देश्य पार्टी के दैनिक कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन में सहयोग करना तथा राजनीतिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुचिता को बढ़ावा देना है। इस अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ता और समर्थक अपनी इच्छा अनुसार डिजिटल ट्रांजेक्शन या चेक के माध्यम से राशि प्रदान करते हैं और प्रत्येक दानदाता को इसकी विधिवत रसीद दी जाती है।
प्रवक्ता जैन ने बताया कि यह जनसहयोग अभियान प्रायः पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि से प्रारंभ होता है और इसके संचालन के लिए जिला स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जाते हैं। खंडवा जिले में इस अभियान की जिम्मेदारी पूर्व महापौर सुभाष कोठारी को दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों से डिजिटल व चेक के माध्यम से लगभग 10 लाख की सहयोग राशि प्राप्त हो चुकी है। इसी क्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा 51,000 का सहयोग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, आजीवन सहयोग निधि के जिला प्रभारी सुभाष कोठारी, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, हरीश कोटवाले, प्रवक्ता सुनील जैन, राजेश यादव, आशीष चटकेले, भारत पटेल तथा सागर आरतानी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।








