
मुख्यमंत्री का आश्वासन— जल्द मिलेगी खंडवा–मुंदी रोड को स्वीकृति
खंडवा।
प्रदेश में बड़े विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही संभव हो पा रहे हैं। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को पूर्णतः विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी निरंतर विकास के माध्यम से मध्यप्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने में जुटे हैं।
भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र बाजाज ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच को ज़मीन पर उतारने के लिए जिले के सभी जनप्रतिनिधि पूरी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। निर्वाचित जनप्रतिनिधि का दायित्व होता है कि वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे—और इसी जिम्मेदारी को खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे पूरी निष्ठा से निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को विधायक कंचन मुकेश तनवे ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर खंडवा–मुंदी मार्ग के नव निर्माण तथा खंडवा में सशस्त्र बटालियन की स्थापना की मांग रखी। विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि खंडवा–मुंदी मार्ग अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लंबे समय से यह मार्ग उपेक्षित है, ऐसे में जनहित को देखते हुए शीघ्र नवीन सड़क की स्वीकृति आवश्यक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि खंडवा–मुंदी मार्ग के संबंध में शीघ्र ही स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र बटालियन स्थापना के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से विचार किए जाने का भरोसा दिलाया।
खंडवा के विकास और सुरक्षा को लेकर निरंतर सक्रिय रहने वाली विधायक कंचन मुकेश तनवे ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वे केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि क्षेत्र की ज़रूरतों के लिए संकल्पित, सजग और संघर्षशील नेतृत्व के रूप में कार्य कर रही हैं।
विधायक तनवे की इस पहल को खंडवा सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि खंडवा–मुंदी मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक संपर्क का प्रमुख आधार है। सड़क के नव निर्माण से क्षेत्र को नई विकास गति मिलने की उम्मीद है।








