तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव में प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का संगम
मेहंदी, रंगोली, चित्रकला, खेलकूद सहित 10 गतिविधियों में छात्राओं ने दिखाया कौशल

खंडवा। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजकुंड में तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर छात्राओं की रचनात्मकता, खेल भावना और सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में श्री एस.पी. सिंह, प्राचार्य नीलकंठेश्वर कॉलेज एवं श्री विनय जैन, कन्या महाविद्यालय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्रीमती संगीता सोनवाने, श्रीमती कविता वर्मा एवं सुश्री सुरभि शर्मा विशेष अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुईं। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
वार्षिक उत्सव के दौरान छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मेहंदी, रंगोली, चित्रकला, खेलकूद सहित लगभग 10 विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्राओं का उत्साह दोगुना हो गया।
इस अवसर पर नवाचार गतिविधि के अंतर्गत विद्यालय के पूर्व प्राथमिक एवं प्राथमिक विभाग के लिए तैयार किए गए आधुनिक खेल सामग्री से सुसज्जित ‘एक्टिविटी रूम’ का भी अतिथियों द्वारा उद्घाटन किया गया। इस एक्टिविटी रूम के माध्यम से बच्चे खेल-खेल में सीखने की अवधारणा को आत्मसात करेंगे, जिससे उनकी सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय निम्भोरकर ने स्वागत उद्बोधन में संस्था के पिछले 9 वर्षों में हुए शैक्षणिक, भौतिक एवं नवाचार संबंधी विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्रीमती शशिकला जायसवाल द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन श्रीमती सीमा माली एवं श्रीमती संगीता पंचोरे ने कुशलतापूर्वक किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार सोच और छात्रा-केंद्रित वातावरण को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।








