
खंडवा
छात्रावास अधीक्षिका डॉ. सीमा मंडलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कन्या छात्रावास में वसंत पंचमी पर्व परंपरागत एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पर्व के एक दिन पूर्व से ही छात्राओं एवं सहायिका सुनीता सोनी द्वारा परिसर की विशेष साफ-सफाई कर सजावट की गई।
प्रातःकाल छात्राओं लक्ष्मी उईके, अंजली फरकले, पायल नीलकंठ, ऋतु एवं रोहिणी द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसके पश्चात मां शारदा की विधिवत वंदना की गई। वसंत पंचमी के अवसर पर पीले रंग के विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए पीली मिठाई का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्रावास समिति की सदस्य डॉ. गीता मेहरा, डॉ. नीलू अग्रवाल, हिन्दी विभाग से डॉ. मीनाक्षी खरे एवं तरुण दांगोडे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समिति द्वारा छात्रावास की छात्राओं को शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इसी क्रम में वसंत पंचमी पर्व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास से मनाया गया। गुरु नानक वार्ड क्रमांक 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में “कुकू-हल्दी-चंदन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, सदस्य मोहन मालवीय तथा विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण केंद्र, खंडवा के प्रतिनिधि सुशील विधानी मौजूद रहे। इस अवसर पर महिलाओं को शासन की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वसंत पंचमी पर्व का सांस्कृतिक महत्व, जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के पांच सूत्र और उनके व्यावहारिक उपयोग पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह, सहभागिता और जागरूकता देखने को मिली। वसंत पंचमी के आयोजनों ने छात्राओं से लेकर महिलाओं तक ज्ञान, संस्कार और सामाजिक चेतना का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया।








