मोहन सरकार ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि लापरवाही या विवादों में रहने वाले अधिकारियों को मुख्यधारा की पुलिसिंग से दूर रखा जाएगा। पीएचक्यू में पदस्थ किए गए अधिकारियों की संख्या यह दर्शाती है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने नए साल के पहले ही हफ्ते में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। मंगलवार देर शाम गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा (SPS) के 64 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस “बड़ी सर्जरी” में एक दर्जन से अधिक अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अटैच कर दिया गया है।
इस फेरबदल में कई जिलों के एसडीओपी (SDOP), सीएसपी (CSP) और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी प्रभावित हुए हैं।
कई ‘विवादित’ अधिकारियों को फील्ड से हटाकर मुख्यालय भेजा
इस तबादला सूची की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें कई ऐसे अधिकारियों को भी फील्ड से हटाकर मुख्यालय भेजा गया है, जो हाल के दिनों में विवादों या चर्चाओं में रहे थे। इसमें चुरहट के एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी, आष्टा एसडीओपी आकाश अमलकर, घाटीगांव (ग्वालियर) एसडीओपी शेखर दुबे, भोपाल की एसीपी अंजली रघुवंशी, बुरहानपुर डीएसपी प्रीतम सिंह ठाकुर और बीना एसडीओपी नीतेश पटेल को अब भोपाल पुलिस मुख्यालय में अपनी सेवाएं देनी होंगी।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रशासन ने कामकाज में कसावट लाने के लिए कई अधिकारियों को नई जगह तैनात किया है:
मानसिंह टेकाम: एसडीओपी गुन्नौर (पन्ना) से हटाकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल।
रामबाबू पाठक: सहायक सेनानी 24वीं वाहिनी जावरा (रतलाम) से 25वीं वाहिनी भोपाल।
मनोज खत्री: डीएसपी यातायात (इंदौर) से पीटीआरआई (PTRI) मुख्यालय।
सुभाष सिंह: डीएसपी रेडियो मुख्यालय भोपाल से डीएसपी सायबर सेल, पीएचक्यू।
नीरज नामदेव: डीएसपी थांदला (झाबुआ) से डीएसपी पुलिस अकादमी, भौंरी (भोपाल)।
दिलीपचंद्र छारी: सहायक सेनानी 14वीं वाहिनी (ग्वालियर) से सहायक सेनानी 7वीं वाहिनी, भोपाल।
प्रशासनिक गलियारों में हलचल
एक साथ 64 अधिकारियों के तबादले से पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल कानून व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। खासकर भोपाल और इंदौर जैसे महानगरों के साथ-साथ संवेदनशील अनुभागों में नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिसिंग में बदलाव देखने को मिलेगा।
यहां देखें सूची









