सिंगरौली। मध्य प्रदेश की ऊर्जाधानी में सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों की जमीनों को निगलने का खेल बेखौफ जारी है। ताजा मामला नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की निगाही परियोजना का है, जहाँ भू-माफियाओं ने नेहरू अस्पताल के ठीक सामने मुख्य सड़क पर स्थित करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा जमा लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध निर्माण और दबंगई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें माफिया प्रशासन को ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं।
प्रगति पैथोलॉजी के पीछे चल रहा ‘बड़ा खेल’
जानकारी के अनुसार, निगाही परियोजना की यह बेशकीमती भूमि प्रगति पैथोलॉजी लैब के पीछे स्थित है। यहाँ भू-माफियाओं ने न केवल जमीन घेरी है, बल्कि पैमाने पर अवैध प्लाट काटकर बेचे जा रहे हैं साथ ही रातों-रात पक्के निर्माण खड़े किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में विस्थापन या मुआवजे का दावा किया जा सके। वहीं भोले-भाले लोगों को एनसीएल की यह प्रतिबंधित जमीन धोखे से बेची जा रही है।
वायरल वीडियो: “प्रशासन का डर नहीं, माफिया बेखौफ”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने एनसीएल और जिला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। वीडियो में भू-माफियाओं की दबंगई साफ देखी जा सकती है। वे न केवल काम रोकने आए लोगों से उलझ रहे हैं, बल्कि उनके चेहरे पर कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि इलाके में माफियाओं का समांतर तंत्र चल रहा है।
एनसीएल सुरक्षा दल की ‘नाकामी’ पर सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि एनसीएल के सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों को इस अतिक्रमण की पूरी जानकारी है।
विफल कार्रवाई
बताया जा रहा है कि सुरक्षा दल कई बार मौके पर पहुँचा, लेकिन माफियाओं की दबंगई के आगे उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
मिलीभगत का संदेह
मुख्य मार्ग पर हो रहे इस निर्माण को रोकने में विफलता, सुरक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली को संदिग्ध बना रही है।
तनाव में स्थानीय लोग, कड़ी कार्रवाई की मांग
मुख्य सड़क पर हो रहे इन अवैध निर्माणों के कारण भविष्य में यातायात और अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को भी असुविधा होने की आशंका है। स्थानीय नागरिकों ने सिंगरौली कलेक्टर और एसपी से मांग की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ‘बुलडोजर’ की कार्रवाई की जाए और एनसीएल की जमीन को माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराया जाए।








