सिंगरौली। शासकीय मेडिकल कॉलेज सिंगरौली में मकर संक्रांति का पर्व इस वर्ष खास उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के लिए आयोजित इस आयोजन में पतंगबाजी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास से जुड़ी घोषणाओं ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
रंग-बिरंगी पतंगों से सजा आसमान
बुधवार दोपहर तीन बजे के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से भर गया। एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों ने उत्साहपूर्वक पतंगें उड़ाईं और एक-दूसरे के साथ पेंच लड़ाए। कॉलेज प्रशासन के विशेष आमंत्रण पर जिले के कलेक्टर गौरव बैनल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पतंग उड़ाकर आयोजन की औपचारिक शुरुआत की, जिससे छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मौजूद फैकल्टी और छात्रों ने तालियों के साथ मुकाबलों का आनंद लिया।
डीन और वरिष्ठ फैकल्टी की रही सक्रिय सहभागिता
डीन आवास परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के डीन डॉ. आर.डी. दत्त, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल सिंह बघेल, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार, बायोकेमेस्ट्री विभागाध्यक्ष प्रो. प्रशांत निगम, डॉ. अरुणावा काली, डॉ. नोमान सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। लगभग सौ छात्रों ने सूर्यास्त तक पतंगबाजी का भरपूर आनंद लिया।
खेल सुविधाओं और जिम की मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने छात्रों और शिक्षकों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में शीघ्र ही इंडोर एवं आउटडोर खेल सुविधाओं के साथ जिम स्थापित करने का आश्वासन दिया, जिसे छात्रों ने तालियों के साथ सराहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रीतिभोज के साथ समापन
पतंगबाजी के उपरांत शाम को छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। गायन एवं अन्य कलात्मक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी रंगीन बना दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रीतिभोज के साथ हुआ, जिसमें सभी ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।








