सिंगरौली (खुटार)। khabarmandi.in न्यूज़ की खबर का एक बार फिर बड़ा असर हुआ है। खुटार स्थित शासकीय प्राथमिक शाला (पूर्व टोला) में फटा हुआ राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे का अपमान करने वाले शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने जांच रिपोर्ट के आधार पर इस घोर लापरवाही के लिए प्रभारी प्रधानाध्यापक को दोषी माना है।
जांच में पुष्टि: भारतीय ध्वज संहिता का उल्लंघन
जैसे ही फटे तिरंगे का वीडियो और खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया।
संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुटार द्वारा की गई जांच में विद्यालय परिसर में फटा तिरंगा फहराए जाने की बात सही पाई गई।
प्राथमिक शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक रेवतीरमण शाह को इस कृत्य के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार पाया गया। यह कृत्य ‘भारतीय ध्वज संहिता 2002’ के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

असंतोषजनक जवाब और कड़ी कार्रवाई
DEO एस.बी. सिंह ने बताया कि शिक्षक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक और गैर-जिम्मेदाराना था।
शिक्षक रेवतीरमण शाह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगदरा (चितरंगी) तय किया गया है। नियमानुसार उन्हें इस दौरान केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही देय होगा।
न्यूज़ की प्रतिबद्धता: हम उठाते रहेंगे आपकी आवाज़
इस मामले को प्रमुखता से उठाने का उद्देश्य राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान सुनिश्चित करना था। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








