खंडवा। जिले के प्रभारी मंत्री और पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने आज खंडवा प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के आगामी बजट 2026 को लेकर बड़ी उम्मीदें जताई हैं। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप 1 फरवरी 2026 को पेश होने वाला बजट हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला होगा।
बजट 2026: सबका साथ, सबका विकास
मंत्री लोधी ने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को देश का आम बजट पेश करेंगी। उन्होंने इस बजट की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला:
मंत्री के अनुसार, यह बजट 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस बजट में इनकम टैक्स (आयकर), किसान, शिक्षा, डिफेंस (रक्षा) और रेलवे से जुड़े बड़े ऐलान होने की संभावना है।
बजट में अमीर, गरीब, युवा और महिलाओं समेत सभी वर्गों के बीच एक बेहतर संतुलन देखने को मिलेगा।
नर्मदा पर पर्यटन क्रांति: MP और गुजरात के बीच चलेगा क्रूज
प्रभारी मंत्री ने खंडवा और विशेषकर ओंकारेश्वर के पर्यटन को लेकर एक बड़ी सौगात की जानकारी दी:
इंटर-स्टेट क्रूज सेवा
ओंकारेश्वर (आदि शंकराचार्य प्रतिमा) से नर्मदा के रास्ते गुजरात (स्वामी विवेकानंद प्रतिमा) तक क्रूज चलाया जाएगा।
MoU संपन्न
इस परियोजना के लिए मध्य प्रदेश और गुजरात सरकार के बीच MoU (सहमति पत्र) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं कुछ ही दिनों में यह सेवा धरातल पर उतरेगी, जिससे दोनों राज्यों के बीच पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत
प्रभारी मंत्री के खंडवा आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तन्वे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, प्रवक्ता सुनील जैन एवं अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल रहे।
ओंकारेश्वर पर विशेष ध्यान
मंत्री लोधी ने कहा कि खंडवा जिला पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरा है। सरकार का मुख्य फोकस ओंकारेश्वर को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।








