खंडवा/खबर मंडी
खंडवा में सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ ने राज्य अधिवक्ता परिषद जबलपुर के आह्वान पर प्रदेशव्यापी एक दिवसीय प्रतिवाद दिवस मनाया। यह विरोध प्रदर्शन शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में अधिवक्ता संजय सक्सेना की सुपारी किलर्स द्वारा गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में किया गया। घटना के बाद से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रविन्द्र पाथरीकर के नेतृत्व में दोपहर एक बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर विरोध दर्ज कराया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कलेक्टर ऋषभ गुप्ता को ज्ञापन सौंपने के लिए कार्यालय से बाहर आने का आग्रह किया, लेकिन उनके कार्यालय में मौजूद होने के बावजूद वे ज्ञापन लेने नहीं आए। इसके बाद नारेबाजी के बीच सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला अधिवक्ता संघ के सचिव अभिषेक सोहनी ने ज्ञापन का वाचन करते हुए मांग की कि दिवंगत अधिवक्ता संजय सक्सेना के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। साथ ही स्व. सक्सेना के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की गई।
उन्होंने वर्षों से लंबित एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की भी मांग की। संघ ने प्रदेश सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अरूण दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन जैनी, स्टेट बार काउंसिल चुनाव के उम्मीदवार प्रणेन्द्र रांका, मनोज फूलमाली, विजय कोटवाणी, श्रीमती पुष्पा गौर, अरुण गाठिया, सुमित वर्मा, गोपाल जायसवाल, शैलेन्द्र कलमे, दशरथ सिटोले, राहुल कनाडे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।








