महिला की हत्या के बाद फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला।
पहचान होने पर स्पष्ट हुआ कि शव उसी आरोपी पति का है।

हरसूद विधानसभा में चरित्र शंका पर दोहरा हत्याकांड
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने ट्रेन से कटकर दी जान, पुलिस व एफएसएल जांच में जुटी

खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दमदमा में रविवार को चरित्र शंका के चलते हुए दोहरे मौत कांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। पहले पत्नी की हत्या और उसके बाद आरोपी पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था व सामाजिक स्थिति पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम गांव के नाले में एक महिला का शव मिला। मृतिका की पहचान फूलवतीबाई पति रामप्रसाद कलम (35 वर्ष) निवासी दमदमा के रूप में हुई। शव के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।
प्रारंभिक जांच में महिला के पति रामप्रसाद पर संदेह व्यक्त किया गया, क्योंकि घटना के बाद वह न तो मौके पर उपस्थित मिला और न ही घर पर। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।
रेलवे ट्रैक पर मिला आरोपी पति का क्षत-विक्षत शव
सोमवार सुबह सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा शिनाख्त करने पर मृतक की पहचान रामप्रसाद के रूप में हुई। आशंका है कि उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की।
हरसूद थाना प्रभारी राजकुमार राठौर के अनुसार, हत्या के संदेह में आरोपी की तलाश जारी थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु हरसूद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं।
चरित्र शंका में विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतिका के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की आशंका को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार, लगभग 15 दिन पूर्व महिला घर छोड़कर चली गई थी और हाल ही में वापस लौटी थी। इसी बात को लेकर पति द्वारा उस पर चरित्र संबंधी आरोप लगाए गए।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने दिनदहाड़े पत्नी की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को गांव के नाले में फेंक दिया। घटना के लगभग 18 घंटे बाद आरोपी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
प्रशासनिक दृष्टि से गंभीर मामला
हरसूद विधानसभा क्षेत्र में घटित यह चरित्र शंका पर आधारित दोहरा मृत्यु कांड सामाजिक जागरूकता, नशा प्रवृत्ति और पारिवारिक विवादों की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मृतक पति के शराब की लत होने की भी जानकारी सामने आई है, जो विवाद का एक कारण मानी जा रही है।
पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।








